Haryana Budget 2026-27 - Summary
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्य के वित्त मंत्री के रूप में वित्त वर्ष 2026–27 का बजट पेश किया। करीब 2,23,658.17 करोड़ रुपये के इस बजट में किसानों, युवाओं और खासकर महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। लगभग 3 घंटे 10 मिनट लंबे बजट भाषण में महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक सहायता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। आइए जानते हैं कि हरियाणा बजट 2026–27 में महिलाओं के लिए क्या प्रमुख घोषणाएं की गई हैं।
Highlights of Haryana Budget 2026–27 for Women
- लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाया गया: दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्रता की वार्षिक आय सीमा 25 सितंबर 2026 से बढ़ाकर 1 लाख रुपये से 1.80 लाख रुपये कर दी गई है। पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की सहायता मिलती रहेगी। इस योजना के लिए इस बार 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले साल के 5000 करोड़ रुपये से अधिक है।
- 7 नए महिला थाने स्थापित होंगे: महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर और पिहोवा में 7 नए महिला थाने खोले जाएंगे। इसके अलावा सोनीपत, गोहाना और बहादुरगढ़ में 3 नए साइबर क्राइम थाने भी बनाए जाएंगे।
- ATS में महिला कमांडो शामिल होंगी: आतंकवाद विरोधी गतिविधियों के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (ATS) का गठन किया जाएगा, जिसके लिए 35 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इस विशेष बल में महिला कमांडो को भी शामिल करने का प्रस्ताव है।
- महिलाओं को वाहन खरीद पर टैक्स में छूट: अगर कोई महिला अपने नाम पर वाहन खरीदती है तो उसे मोटर व्हीकल टैक्स में 1% की छूट दी जाएगी। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों पर पहले से मिल रही 20% टैक्स छूट को और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
- वीटा बूथों में महिलाओं को 20% आरक्षण: सरकार ने 2000 नए वीटा बूथ खोलने की घोषणा की है। इनमें स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और 20% आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
- ‘हर नारी, स्वस्थ नारी’ पहल: हर जिले में स्वस्थ नारी क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा हर ग्राम सभा में साल में कम से कम तीन अनिवार्य बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें विकास, नशा मुक्ति, पेयजल, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
- नारी मंडपम और वात्सल्य भवन की स्थापना: महिलाओं के कौशल विकास और प्रशिक्षण के लिए गुरुग्राम में ‘नारी मंडपम’ बनाया जाएगा। साथ ही अंबाला, यमुनानगर, रोहतक और गुरुग्राम में ‘वात्सल्य भवन’ बनाए जाएंगे, जो महिला एवं बाल विकास सेवाओं के लिए सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेंगे।
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, सुरक्षित परिवहन, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। बजट में किए गए ये प्रावधान हरियाणा के सामाजिक और आर्थिक विकास को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं।